वाराणसी , दिसंबर 18 -- कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के खिलाफ गुरुवार को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन की घोषणा की गई है। काशी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय पर चेतावनी प्रदर्शन के ऐलान के बाद शहर के कई इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) सरवणन टी., सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज डॉ. ईशान सोनी और सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मलदहिया इलाके में मौजूद हैं।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि सुबह से ही उनके घर पर पुलिस तैनात हो गई है। सरकार इतनी डरी हुई है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन से भी रोक रही है। प्रदेश भर में आज केंद्र सरकार और ईडी के रवैये के खिलाफ प्रदर्शन होना है। सरकार प्रदेश के कांग्रेस नेताओं के घरों पर पुलिस का पहरा बिठा रखी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित