रायपुर , दिसंबर 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास लोकसभा और राज्यसभा में उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, यही कारण है कि उसके नेता अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने में असफल हो रहे हैं।

अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस 'जी-रामजी' बिल को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, जबकि इस बिल में निर्णय लेने का अधिकार पूरी तरह ग्राम सभा और ग्राम पंचायत को दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस यह गलत प्रचार कर रही है कि सभी फैसले केंद्र सरकार करेगी, जबकि वास्तविकता इसके विपरीत है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस संबंध में पत्र लिखकर जमीनी स्तर तक सही जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

मनरेगा पर कांग्रेस को घेरते हुए अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में विधानसभा में विकास नहीं, बल्कि केवल गड्ढों की चर्चा होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा में सबसे बड़े घोटाले पश्चिम बंगाल में सामने आए हैं। इसके बावजूद कांग्रेस जनहित से जुड़े विधेयकों का विरोध कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए ठोस और व्यावहारिक कदम उठा रही है, लेकिन कांग्रेस की आदत बन चुकी है कि वह हर सकारात्मक पहल का विरोध करती है।

उन्होंने दावा किया कि यही कारण है कि जनता बार-बार कांग्रेस को नकार रही है। आने वाले चुनावों में असम, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा और उसे कहीं भी सम्मानजनक सीटें मिलने की संभावना नहीं है।

नक्सलवाद पर बोलते हुए अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश नक्सलमुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नक्सल प्रभावित इलाकों को हथियार मुक्त कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सख्त और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, विद्युतीकरण और नियद नेल्लनर योजना जैसी योजनाओं से इन क्षेत्रों को व्यापक लाभ मिला है और अब इनका आर्थिक योगदान भी बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर अरुण सिंह ने कहा कि राज्य में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है और उद्योग जगत का रुझान लगातार बढ़ रहा है। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल से जल पहुंचाया गया है और सरकार की प्राथमिकता योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना है।

सनातन धर्म को लेकर कांग्रेस नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं को सनातन धर्म और कथावाचकों पर टिप्पणी करने में आनंद आता है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने राम मंदिर का विरोध किया, उनसे और किसी सकारात्मक सोच की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

आरएसएस को लेकर दिग्विजय सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण सिंह ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने हमेशा संघ और भाजपा पर टिप्पणी की है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि उन्हें क्षणिक सद्बुद्धि आई भी हो, तो भाजपा और संघ इतनी मजबूत संस्थाएं हैं कि किसी को जबरन प्रवेश कराने की आवश्यकता नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित