बैतूल , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के विकासखंड प्रभातपट्टन के ग्राम खेड़ीरामोसी में हुए भूमि सीमांकन विवाद ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही कांग्रेस पर झूठ फैलाकर माहौल बिगाड़ने का आरोप भी लगाया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने बताया कि यह मामला पूरी तरह से व्यक्तिगत है, जिसे कांग्रेस अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि चंद्रकला पति नामदेव मगरदे द्वारा रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से संबंधित कृषि भूमि संतोष पिता गिरधारी पंवार से खरीदी गई थी, जबकि संतोष पंवार ने यह जमीन फूला बाई मेहरा से विधिवत दस्तावेजों के आधार पर क्रय की थी।
उन्होंने कहा कि भूमि के सीमांकन के दौरान हुई हिंसा की सूक्ष्मता से जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, जबकि निर्दोष लोगों को मामले से अलग रखा जाए।
आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने स्पष्ट किया कि इस पूरे प्रकरण का भाजपा से कोई संबंध नहीं है और न ही पार्टी का कोई पदाधिकारी या कार्यकर्ता इस घटना में शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और जिला स्तर के नेता सस्ती लोकप्रियता के लिए झूठे बयान देकर समाज को भ्रमित कर रहे हैं।
मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी आदिवासी समाज को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इस घटना में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भास्कर मगरदे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कांग्रेस के नेता बिना पूरी जानकारी के समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए इस्तेमाल करती है, जबकि भाजपा ने हमेशा उनके हित में कार्य किया है। उन्होंने यह भी मांग की कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे कथित झूठ की भी जांच होनी चाहिए।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष और न्यायसंगत जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री अशोक पांसे, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश मंत्री अतीत पंवार, जिला महामंत्री कृष्णा गायकी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष महेश्वर सिंह चंदेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। खेड़ीरामोसी विवाद को लेकर अब दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित