धार , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के धार जिला कांग्रेस कार्यालय में संगठन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें ब्लॉक, शहर अध्यक्षों तथा जिला स्तरीय विभाग एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया।
बैठक की शुरुआत में कांग्रेस नेताओं ने भगवान महावीर स्वामी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अहिंसा के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी एवं संगठन महामंत्री परितोष सिंह राठौड़ ने उपस्थित पदाधिकारियों को संगठनात्मक प्रशिक्षण भी प्रदान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री जोशी ने कहा कि जिला कार्यकारणी का गठन जल्द ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश संगठन ने प्रारंभ में 200 से अधिक नामों की सूची मांगी थी, लेकिन बाद में पार्टी की गाइडलाइन के अनुसार अब लगभग 50 नामों की ही घोषणा की जाएगी। उन्होंने संगठन से आग्रह किया है कि धार आदिवासी बाहुल्य जिला होने के कारण विशेष छूट देते हुए अधिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की अनुमति दी जाए।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना सभी का लक्ष्य है और यदि कोई कार्यकर्ता जिला टीम में शामिल नहीं हो पाता है तो उसे आगामी दिनों में प्रकोष्ठ या अन्य जिम्मेदारियों में समायोजित किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी कार्यकर्ताओं का उद्देश्य कांग्रेस की सरकार बनाना है। बैठक में कमल सिंह पटेल, राधेश्याम मुवेल, सोहेल निसार, धीरज दीक्षित, हरदेव जाट, अजय सिंह ठाकुर, राजेश पटेल, लियाक़त पटेल सहित अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित