चंडीगढ़/कुरुक्षेत्र , जनवरी 14 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सत्र को संबोधित करते हुए सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को गांव, कस्बों और शहरों तक प्रभावी रूप से पहुँचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कांग्रेस कमेटी का यह सत्र मंगलवार को कुरुक्षेत्र में शुरू हुआ। इस शिविर में हरियाणा और उत्तराखंड के नव-नियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर देते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि निरंतर जनसंवाद और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने से ही संगठन सशक्त बनेगा।

सांसद सैलजा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का संदेश साझा करते हुए संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और सक्रिय जनसंपर्क को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर संगठन सृजन कार्यक्रम के बाद आयोजित किया गया है, जिसमें पार्टी की विचारधारा, वर्तमान राजनीतिक स्थिति और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड विजिट के माध्यम से गांवों की जमीनी हकीकत को समझकर भविष्य की रणनीति तय की जाएगी। इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा भी उपस्थित रहे। इसके अलावा कुमारी सैलजा ने लोहड़ी के अवसर पर कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह के निवास पर कार्यक्रम में भाग लिया और प्रदेशवासियों को लोहड़ी व मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित