देहरादून , दिसम्बर 02 -- उत्तराखंड सरकार में आपदा प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे कर्नल अजय कोठियाल के हालिया खुलासों ने धराली आपदा को लेकर धामी सरकार की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। इसलिए अब कांग्रेस का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल आगामी चार दिसम्बर को धराली का दौरा करेगा।

यह बात मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने संवाददाताओं से कही। उन्होंने कहा कि कर्नल कोठियाल के बयान ने स्पष्ट किया है कि सरकार द्वारा पेश किए गए आंकड़े अधूरे और भ्रामक हैं तथा धराली में राहत और पुनर्वास कार्यों में भारी लापरवाही बरती गई है।

श्री गोदियाल ने बताया कि यह प्रतिनिधिमंडल स्थानीय पीड़ित परिवारों से मिलकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेगा और प्रशासनिक स्तर पर हो रही अनदेखी का प्रत्यक्ष आंकलन करेगा। बाद में धराली से लौटकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उस रिपोर्ट को इस उम्मीद के साथ राज्यपाल को सौंपा जाएगा कि वह और केंद्र सरकार, राज्य सरकार पर दबाव बनाएं, ताकि स्थानीय लोगों की अपेक्षा अनुरूप आपदा ग्रस्त क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन चले, पुनर्निर्माण और पुनर्वास के कार्य बिना विलंब के हो। उन्होंने कहा कि जब आपदा आई तो तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष करन महारा के नेतृत्व में भी प्रतिनिधि मंडल धराली क्षेत्र में गया। अब कर्नल कोठियाल के खुलासे के बाद पुनः प्रतिनिधिमंडल उस क्षेत्र में जाएगा और आकलन करेगा कि पिछले चार महीने में सरकार और शासन प्रशासन द्वारा किए जा रहे दावों की कितनी सच्चाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित