रांची , अप्रैल 19 -- झारखंड के भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आज प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद की अध्यक्षता में आदित्य साहू एक बैठक का आयोजन किया गया।

इस दौरान निर्णय लिया गया कि आगामी 25 अप्रैल को रांची में भाजपा के बैनर तले बड़ा आक्रोश मार्च निकलेगा। यह आक्रोश मार्च मोरहाबादी मैदान से मेन रोड तक आयोजित है। इस कार्यक्रम में रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, रामगढ़, खूंटी और लोहरदगा जिले से हजारों की संख्या में माता बहनें शामिल होंगी।

बैठक के दौरान श्री साहू ने कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन के दलों पर बड़ा निशाना साधा। श्री साहू ने कहा कि कहा कि संसद में पेश महिला आरक्षण बिल का विरोध कर कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सांसदों ने देश की महिला शक्ति के साथ घोर अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास पुराना है।जब कभी अवसर आया है कांग्रेस पार्टी ने नारी शक्ति को कुचलने में ताकत लगाई है।

श्री साहू ने कहा कि ये वही कांग्रेस है जिसने शाहबानो को न्याय दिलाने में नहीं बल्कि वोट बैंक के खातिर उसे प्रताड़ित करने में सत्ता का दुरुपयोग किया था। सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बदलकर शाहबानो के विरोध में कानून बनाए थे। कहा कि इतना ही नहीं तीन तलाक कानून का विरोध किया, राष्ट्रपति का विरोध किया। मोदी सरकार द्वारा लागू किए गए नारी सशक्तिकरण की योजनाओं का मजाक उड़ाया।

श्री साहू ने कहा कि यह जगजाहिर है कि कांग्रेस पार्टी गांधी परिवार की महिलाओं के सिवा और किसी महिला को राजनीति में आगे बढ़ते नहीं देखना चाहती है। इसी मानसिकता के कारण संसद में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने महिला आरक्षण बिल का विरोध किया।

श्री साहू ने कहा कि इस महिला विरोधी चरित्र के कारण देश भर में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खिलाफ नारी शक्ति में आक्रोश व्याप्त है। बहनें सड़कों पर उतरकर कांग्रेस पार्टी का विरोध कर रही है। उन्होंने लोगों से 25 अप्रैल वाले आक्रोश मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान भी किया।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, गीता कोड़ा, भानु प्रताप शाही, मुनेश्वर साहू, मुख्य सचेतक नवीन जयसवाल, रांची विधायक सीपी सिंह, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, सत्यनारायण सिंह, रमेश सिंह, सभी संबंधित छह जिले के अध्यक्ष सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित