रायपुर , दिसंबर 13 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार के दो साल के कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता का भरोसा पूरी तरह खो चुकी है और प्रदेश में उसके खिलाफ चौतरफा आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी की गारंटी के नाम पर जनता से वोट लिया गया, लेकिन दो वर्षों में एक भी गारंटी पूरी नहीं की गई। उनके अनुसार किसान, युवा, महिलाएं, कर्मचारी और आदिवासी सभी वर्ग सरकार की नीतियों से नाराज हैं, इस नाराजगी की वजह से यह एक अलोकप्रिय सरकार है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया गया कि दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में सरकारी भर्तियां या तो बंद हैं या जहां हुई हैं वहां भ्रष्टाचार सामने आया है। फॉरेस्ट गार्ड, पुलिस आरक्षक और आरआई भर्ती में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। आदिवासियों और किसानों की जमीन उद्योगों और खदानों के लिए जबरन अधिग्रहित की जा रही है और विरोध करने पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के नाम पर महिलाओं को धोखा दिया गया है, क्योंकि प्रदेश की बड़ी संख्या में विवाहित महिलाएं योजना से वंचित हैं। अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण का वादा भी पूरा नहीं हुआ है। बिजली दरों में बढ़ोतरी, भूमि गाइडलाइन रेट बढ़ाना और 5 डिसमिल से कम जमीन की रजिस्ट्री बंद करना जनता में नाराजगी का कारण बना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि साय सरकार की उपलब्धि केवल पिछली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करना रही है। 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना, गोधन न्याय योजना, बेरोजगारी भत्ता, कोदो-कुटकी-रागी खरीदी, छत्तीसगढ़िया ओलंपिक सहित कई योजनाएं बंद कर दी गईं।

उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को विफल बताया। बैज के अनुसार प्रदेश में हत्या, लूट, गोलीबारी, मॉब लिंचिंग और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी हुई है। नक्सल हिंसा पर भी सरकार की कोई ठोस नीति नहीं है। उन्होंने कहा कि दो साल में सुशासन का दावा पूरी तरह खोखला साबित हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित