चंडीगढ़ , अक्टूबर 04 -- इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने शनिवार को कहा कि हरियाणा में सत्ता पक्ष और विपक्ष आपस में मिले हुये हैं और कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मदद कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह बात किसी से छिपी हुई नहीं है।

श्री चौटाला ने बताया कि 2013 में विपक्ष में रहते हुए उन्होंने कांग्रेस के छह विधायकों की भ्रष्टाचार से जुड़ी सीडी लोकायुक्त को सौंपी थी। उन्होंने मांग की कि जिन मामलों में न्यायालय ने संज्ञान लिया है, उन पर सरकार विशेष जांच दल का गठन करे।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार कार्रवाई करती है, तो साबित होगा कि भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार खत्म करना चाहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 अक्टूबर तक किसानों के खेतों से पानी नहीं निकाला गया, तो इनेलो बड़ा आंदोलन करेगी। सात अक्टूबर को पार्टी की कार्यकारिणी बैठक बुलाई गयी है, जिसमें संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होगी। अभय चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा में अपराध चरम पर है, पुलिस अपराधियों से डरती नजर आती है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। साथ ही कहा कि कांग्रेस केवल सुर्खियों में रहने के लिए विधानसभा में वॉकआउट करती है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही कई बड़े नाम इनेलो में शामिल होंगे, जिससे पार्टी को नयी ताकत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित