पटना , अप्रैल 17 -- राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक के विरोध में वोट देकर कांग्रेस एवं इंडी गठबंधन की पार्टियों ने महिलाओं को मिल रहे अधिकारों से उनको वंचित किया है।

श्री कुशवाहा ने आज एक्स पर लिखा,लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक के विरोध में वोट देकर कांग्रेस एवं इंडी गठबंधन की पार्टियों ने देश की आधी आबादी को लोकसभा एवं विधानसभाओं में जाने से रोका है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मिल रहे अधिकारों से जन्हे वंचित किया गया है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि आज संसद में यदि विपक्ष का सहयोग मिलता तो सीटों की संख्या भी डेढ़ गुनी बढ़ जाती और उसमें से 33 प्रतिशत सीटों पर जीत कर सिर्फ महिलाएं ही सांसद और विधायक बनती, लेकिन विपक्ष ने ऐसा होने नहीं दिया। उनके इस रवैए ने उनका महिला विरोधी चेहरा उजागर हो गया है।

सांसद श्री कुशवाहा ने कहा कि ओबीसी के आरक्षण का समर्थन उनकी पार्टी भी हमेशा से करती रही है। उन्होंने कहा कि यह जातीय गणना (जो प्रक्रियाधीन है) के बाद ही संभव हो पायेगा। ऐसे भी फिलहाल ओबीसी के लिए ऐसी संस्थाओं में आरक्षण नहीं है। वर्तमान विधेयक में एससी/एसटी की महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है, क्योंकि इन वर्गों के लिए पूर्व से आरक्षण की व्यवस्था है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि उनकी पार्टी विपक्ष के इस कुकृत्य को जनता के बीच लेकर जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित