जालंधर , दिसंबर 23 -- पंजाब आम आदमी पार्टी के जालंधर शहरी जिला प्रधान अमृतपाल सिंह ने मंगलवार को कहा कि जालंधर जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष राजिंदर बेरी द्वारा आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ दिया गया बयान पूरी तरह राजनीतिक हताशा और निराशा का प्रतीक है। दशकों तक पंजाब पर शासन करने वाली कांग्रेस आज अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए बेबुनियाद और झूठे आरोप लगा रही है।
श्री अमृतपाल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने सत्ता में आते ही जनता से किये गये वादों को जमीन पर उतारने का काम किया है। मुफ्त बिजली, मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं, सरकारी स्कूलों और अस्पतालों का कायाकल्प, युवाओं को रोजगार और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई इसकी स्पष्ट मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के दौरान गरीब वर्ग केवल झूठे वादों का शिकार रहा, जबकि आज आम आदमी पार्टी की सरकार व्यवस्था को पारदर्शी बनाकर यह सुनिश्चित कर रही है कि हर योजना का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे।
अमृतपाल सिंह ने कहा कि पंजाब की जनता पहले भी कांग्रेस की राजनीति को नकार चुकी है और आने वाले समय में भी इस तरह की खोखली बयानबाजी को पूरी तरह खारिज करेगी। आम आदमी पार्टी जनसेवा और विकास के रास्ते पर पूरी ईमानदारी के साथ आगे बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित