कांकेर , मई 08 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा को लेकर एक बड़ा विवाद आज सामने आया है। अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कोयलीबेड़ा इलाके की लगभग 18 पंचायतों के सरपंचों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

मामला मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में सरपंचों को आमंत्रित न किए जाने से जुड़ा है। इस पर नाराज सरपंचों ने महिला एवं बाल विकास विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

कलेक्ट्रेट पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि उन्हें सरकारी कार्यक्रमों से पूरी तरह दूर रखा जा रहा है, जबकि वे जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं। सरपंचों ने कहा कि यह न केवल उनका अपमान है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की भी अनदेखी है।

प्रदर्शन कर रहे सरपंचों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित