कांकेर , फरवरी 07 -- छत्तीसगढ़ में कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा ग्राम रतेसरा के पास टाटा शोरूम के समीप हुआ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारामा से कांकेर की ओर जा रहे एक ट्रक और विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में बाइक चालक चंद्रेश कुमार कोर्राम की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बाइक पर सवार दूसरे युवक निखिलेश कुमार नाग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल युवक को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक दंतेवाड़ा जिले के निवासी थे।
घटना की सूचना मिलते ही चारामा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु किया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित