कांकेर , दिसंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव कीसाधु-संतों और सनातन संस्कृति को लेकर गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रविवार को कांकेर जिले में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत जिला मुख्यालय कांकेर के पुराना बस स्टैंड में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आज दोनों नेताओं का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

विरोध प्रदर्शन भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के आह्वान पर तथा भाजयुमो कांकेर जिला अध्यक्ष संजू गोपाल साहू के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और सनातन संस्कृति के सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लगातार हिंदू आस्था, साधु-संतों और सनातन परंपराओं का अपमान कर रहे हैं, जिसे समाज किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगा।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष संजू गोपाल साहू ने कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और साधु-संत समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। यदि इस तरह की बयानबाजी बंद नहीं हुई तो भाजयुमो चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग भी की।

भाजयुमो कांकेर जिला महामंत्री घनेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की गरिमा और संत समाज के सम्मान की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे मुद्दों पर एकजुट रहकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित