कांकेर , जनवरी 13 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में मंगलवार सुबह दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत होने से दो सहोदर भाइयों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर अकेला युवक सवार था, वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर दो सहोदर भाई सवार थे। तेज रफ्तार के चलते दोनों वाहन आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पखांजूर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों सहोदर भाइयों ने दम तोड़ दिया। तीसरे युवक की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित