कवर्धा , दिसंबर 23 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के ग्राम बड़ेतेवड़ा में ग्रामीणों एवं जनजातीय समाज पर हुए कथित हमले के विरोध में सर्व समाज के पदाधिकारियों ने बुधवार को कवर्धा बंद का आह्वान किया है।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि ईसाई मिशनरी और भीम आर्मी से जुड़े लोगों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है, जिससे क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक व्यवस्था को ठेस पहुंची है। सर्व समाज ने इस घटना को समाज की एकता और परंपराओं पर सीधा आघात बताया है।
सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से बंद को समर्थन देने की अपील की है। इसके साथ ही कवर्धा के गांधी मैदान में कल दोपहर दो बजे से एक विशाल सभा का आयोजन प्रस्तावित किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों ने सभी लोगों से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से बंद और सभा में शामिल होकर अपनी बात लोकतांत्रिक ढंग से रखने की अपील की है।
पुलिस-प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की बात कही है। अधिकारियों के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित