आगर-मालवा , फरवरी 10 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में घूरने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट और दुकानों में तोड़फोड़ तक पहुँच गई।

बड़ौद नगर में कल हुए इस मामले में घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बाजार का माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही बड़ौद थाना पुलिस के साथ सीएसपी मोतीलाल कुशवाह पुलिस बल सहित तत्काल मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर हालात संभालने का प्रयास किया, लेकिन घटना से नाराज हिंदू पक्ष के लोग बड़ी संख्या में बड़ौद थाने पहुँच गए और थाने का घेराव कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने वर्ग विशेष के आरोपियों की गिरफ्तारी, उनका जुलूस निकाले जाने तथा उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर कड़ा रुख अपनाया। थाने के बाहर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के चलते माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। करीब तीन घंटे तक हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के बीच लगातार बातचीत का दौर चलता रहा। लंबी समझाइश और चर्चा के बाद पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच सहमति बनी। तय कार्रवाई के तहत शाम करीब 4 बजे वर्ग विशेष के दो आरोपियों को बड़ौद थाने से बस स्टैंड तक भारी पुलिस बल की तैनाती में जुलूस के रूप में ले जाया गया। जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।

बड़ौद पुलिस के अनुसार फरियादी शंकरसिंह (26) ने रिपोर्ट लिखवाई कि वो कल अपनी मोटरसाईकिल से निकल रहा था तभी एक दुकान पर खड़े आरोपियों द्वारा उसे अपशब्द कहना शुरु कर दिए। साथ ही उस पर नेतागिरी करने का भी आरोप लगाया गया। इस पर फरियादी ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच आरोपियों द्वारा लड़ाई झगड़ा मारपीट और गाली गलौच शुरु कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने दुकानों पर भी तोड़-फोड की, जिसमें लेपटॉप सिस्टम, प्रिंटर, दुकान का काउंटर, तोडफोड कर नुकसान किया तथा लूटपाट की।

मामले में पुलिस ने सात आरोपियों अरबाज खान, फरीद खान, अजहर खान, ताहित खान, सलाम खान को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपियों राजा खां तथा फिरोज खां की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित