नयी दिल्ली , जनवरी 20 -- इंजीनियर्ड स्टील फाइबर और इंडस्ट्रियल फ्लोरिंग सॉल्यूशंस कंपनी, कस्तूरी मेटल कंपोज़िट लिमिटेड (केएमसीएल) ने अपने प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए प्रति शेयर मूल्य 61-64 रुपए के बीच रखा है।

कंपनी की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, आईपीओ 27 जनवरी को खुलेगा और 29 जनवरी को बंद होगा। इसमें एंकर निवेशक 23 जनवरी को बोली लगा सकते हैं ।

यह आईपीओ बुक-बिल्डिंग के जरिए 10 रुपए अंकित मूल्य वाले 27.52 लाख नये इक्विटी शेयर बेचने के लिए है। ऊपरी मूल्य पर इश्यू का आकार 17.61 करोड़ रुपए तक है। कंपनी के शेयर्स की प्रस्तावित लिस्टिंग बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर होगी। निवेशक न्यूनतम 4,000 इक्विटी शेयर और उसके बाद 2,000 शेयर्स के गुणकों में आवेदन कर सकते हैं।

आईपीओ से प्राप्त राशि का एक बड़ा हिस्सा महाराष्ट्र के अमरावती में नई उत्पादन इकाई स्थापित करने हेतु पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) में उपयोग करने का प्रस्ताव है। 15,300 वर्ग मीटर में फैली इस प्रस्तावित इकाई में 6,000 टन वार्षिक क्षमता वाला स्टील फाइबर प्लांट तथा 500 टन क्षमता वाला मैक्रो सिंथेटिक पीपी फाइबर प्रोडक्शन प्लांट शामिल होगा। शेष राशि का एक हिस्सा कंपनी के सामान्य उद्देश्यों के लिए उपयोग करने का प्रस्ताव है, जैसा कि ऑफर डॉक्यूमेंट में विस्तृत है।

कंपनी वर्तमान में अमरावती में तीन स्टील फाइबर और स्टील वूल फाइबर निर्माण इकाइयां संचालित करती है। कंपनी ने 31 मार्च, 2025 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए 57.21 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 2.07 करोड़ रुपए का लाभ (पीएटी) दर्ज किया। 30 सितंबर, 2025 को समाप्त छह माह की अवधि के लिए केएमसीएल ने 32.28 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 2.46 करोड़ रुपए का लाभ (पीएटी) दर्ज किया।

हेम सिक्योरिटीज़ लिमिटेड इश्यू का एकमात्र बुक रनिंग लीड मैनेजर (बीआरएलएम) है और बिगशेयर सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड इस आईपीओ के लिए रजिस्ट्रार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित