जगदलपुर , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ में जगदलपुर जिले के नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने शुक्रवार को सालेमेटा और घोटिया में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कुल 65 करोड़ 96 लाख रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें सालेमेटा क्षेत्र के 62 करोड़ 76.65 लाख रुपये और घोटिया क्षेत्र के 3 करोड़ 20.12 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं।

जिला जनसम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) की ओर से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार,सालेमेटा क्षेत्र में सबसे बड़ा कार्य जल संसाधन विभाग द्वारा कोसारटेडा परियोजना की मुख्य नहर के 24 किलोमीटर जीर्णोद्धार का है, जिसके लिए 41 करोड़ 32.58 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा कोरारटेडा नाला पर एनीकट सह सौर उद्वहन सिंचाई योजना के लिए 4.02 करोड़, खण्डसरा क्षेत्र में गिरलकोना एनीकट सह सौर उद्वहन सिंचाई के लिए 4.23 करोड़, मुण्डागुड़ा क्षेत्र में योजना के लिए 4.21 करोड़ तथा सोलगुड़ा स्टॉपडैम सह सौर उद्वहन निर्माण के लिए 4.22 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

वहीं, भानपुरी स्थित सिंचाई कॉलोनी में सड़क, नाली, बाउंड्रीवाल, पानी टंकी और पाइपलाइन निर्माण के साथ क्रीडा परिसर निर्माण हेतु 3.50 करोड़ रुपये का कार्य भी शामिल है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत सड़क निर्माण के लिए 98.29 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त छोटे स्तर पर पुलिया निर्माण के लिए 4.50 लाख, 9 लाख और 11.50 लाख रुपये की लागत के कार्य भी किए जाएंगे।

घोटिया में आयोजित कार्यक्रम में गुनपुर के पास नारंगी नदी पर तटरक्षण कार्य के लिए 2.98 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी क्रम में हाई स्कूल के पास पुलिया निर्माण हेतु 9 लाख रुपये स्वीकृत हुए। गुड़ीपारा और तिरथा में सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत गुरिया में पानी टैंकर वितरण के लिए 2.50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार घोटिया क्षेत्र में विकास कार्यों की कुल लागत 3.20 करोड़ रुपये है।

इस मौके पर श्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य दूरस्थ गांवों तक सड़क, सिंचाई और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाकर ग्रामीण जीवन को आसान बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि करोड़ों रुपये की इन परियोजनाओं के पूरा होने से किसानों को बेहतर सिंचाई व्यवस्था मिलेगी, आवागमन सुगम होगा और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी।

इन अवसरों पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दिवान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित