श्रीनगर , दिसंबर 18 -- कश्मीर में मौसम विभाग ने लंबे समय से चल रहा शुष्क मौसम 20 दिसंबर से समाप्त होने का अनुमान लगाया है। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना जतायी है।

मौसम विभाग का 20-21 दिसंबर को हिमपात का अनुमान कश्मीर घाटी में सर्दियों के सबसे भीषण दौर चिल्लई कलां की शुरुआत के साथ मेल खाता है। कश्मीर में नवंबर की शुरुआत से ही लंबे समय से शुष्क मौसम है।

मौसम विभाग ने कहा कि 20-21 दिसंबर को सामान्य रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है, कश्मीर संभाग के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी और जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और उत्तरी एवं मध्य कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, 20 दिसंबर की देर रात से पश्चिमी विक्षोभ के ज्यादा सक्रिय होने का अनुमान है।

बारिश की तीव्रता 20 दिसंबर की देर रात से 21 दिसंबर के दोपहर तक चरम पर रहने की उम्मीद है।

22 दिसंबर को आमतौर पर बादल छाए रहने और छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है जबकि 23 से 29 दिसंबर तक आंशिक रूप से या सामान्य रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। जबकि ऊंचे इलाकों में 30 और 31 दिसंबर को हल्की बर्फबारी होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुपवाड़ा, बांदीपोरा और गांदरबल जिलों के कुछ ऊंचे इलाकों में, विशेष रूप से 21 दिसंबर को, मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है। यात्रियों एवं चालकों को सलाह दी गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें और अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाएं तथा यातायात एवं प्रशासनिक निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही होने से और बर्फबारी होने से घाटी में लंबे समय से चल रहे शुष्क मौसम की स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद है जिससे जल संसाधनों, कृषि एवं शीतकालीन पर्यटन की चिंताएं बढ़ी हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित