श्रीनगर , फरवरी 23 -- कश्मीर घाटी में गर्मियों का मौसम आने से पहले ही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के हालात पैदा हो गये हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में घाटी में और तापमान बढ़ने का अनुमान जताया है।

विभाग ने अपने परामर्श में कहा है कि अगले पांच दिनों में घाटी में ज्यादातर जगहों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि इस महीने के अंत तक घाटी में बड़े पैमाने पर बर्फबारी के आसार नहीं हैं और 23 से 26 फरवरी तक घाटी में मौसम सूखा रहने की संभावना है, जबकि 27 तथा 28 फरवरी को कुछ जगहों पर हल्की बर्फबारी या बारिश हो सकती है।

प्रवक्ता ने कहा कि एक से तीन मार्च तक आमतौर पर बादल छाये रहने के आसार हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की बर्फबारी या बारिश का अनुमान है, जबकि चार से सात मार्च तक आसमान में हल्के बादल छाये रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने किसानों से इस दौरान अपने खेतों और बगीचों में काम जारी रखने की सलाह दी है।

इस बीच घाटी के ज़्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। मशहूर सैलानी स्थल पहलगाम सबसे ठंडा इलाका रहा है, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

घाटी के एक और पर्यटक स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित