जम्मू , दिसंबर 16 -- जम्मू-कश्मीर में उधमपुर जिले के मजालता इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) का एक जवान शहीद हो गया। यहां तीन आतंकवादियों के फंसे होने की आशंका है।
अधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि पुंछ के रहने वाले एसओजी जवान अमजद अली खान सोमवार रात मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गये थे और उन्हें तुरंत बाहर निकाला गया, लेकिन घावों की वजह से उनकी मौत हो गयी।
जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) भीम सेन टूटी ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने के मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खास जानकारी मिलने पर सोमवार शाम को अभियान शुरू किया गया था।
जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी। आईजीपी ने कहा कि आतंकवादियों के छुपे होने की जानकारी पर तलाशी लेने गए सुरक्षा बलों के वहां पहुंचने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरु कर दी जिससे मुठभेड़ हो शुरू हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार मुठभेड़ में तीन आतंकवादी फंसे हुए हैं और अभी अभियान जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित