श्रीनगर , फरवरी 06 -- जम्मू- कश्मीर में रात का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है और आने वाले दिन में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। कश्मीर घाटी के सभी मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया।
विभाग के अनुसार, 16 फरवरी तक केंद्र शासित प्रदेश में बारिश या हिमपात के बड़े दौर आने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि छह फरवरी को उत्तरी और मध्य कश्मीर के कुछ ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। मुख्य रूप से देर शाम या रात में हल्की हिमपात होने का अनुमान है।
हालांकि, सात और आठ फरवरी को क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है। नौ फरवरी को रात के समय अलग-अलग ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 10 फरवरी को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे, और कई जगहों पर तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है। वहीं, 11 फरवरी को आंशिक रूप से या आमतौर पर बादल छाए रहने के आसार हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इस महीने 12 और 13 फरवरी को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 14 फरवरी को बादल छाने और अलग-अलग ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं, जबकि 15 और 16 फरवरी को आंशिक रूप से या आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा, "कुल मिलाकर, 16 फरवरी तक पूरे जम्मू-कश्मीर में कोई बड़ी बारिश या बर्फबारी का पूर्वानुमान नहीं है।"इस बीच, जम्मू- कश्मीर में रात का तापमान सामान्य से नीचे बना रहा, घाटी के सभी मौसम केंद्रों पर तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर क्षेत्र में कई जगहों पर न्यूनतम रात का तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि जम्मू क्षेत्र में भी कुछ जगहों पर तापमान औसत से 1-2 डिग्री कम दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित