नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- युवा कांग्रेस ने जम्मू में रविवार को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कश्मीरी पंडितों पर की गयी पुलिस बर्बरता की निंदा करते हुए कहा है कि यह दशकों से विस्थापित कश्मीरी पंडितों के घावों को कुरेदना है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने सोमवार को यहां एक बयान में कहा "कल जम्मू में कश्मीरी पंडितों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस का रवैया, उनके दशकों पुराने विस्थापन के दर्द से भी ज़्यादा डरावना था। अजय साधु नामक व्यक्ति के साथ पुलिस ने न केवल बेरहमी से हाथापाई की बल्कि उन्हें पुल से नीचे धक्का दे दिया। इस बर्बरता में उनकी दोनों टाँगें टूट गईं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस देश की आत्मा ही शांतिपूर्ण आंदोलनों से गढ़ी गई हो, वहाँ अपने जायज़ हकों की मांग करना क्या अब इतना बड़ा अपराध बन चुका है।"उन्होंने कहा कि जम्मू -कश्मीर का प्रशासन केंद्र सरकार के अधीन है और वहां की पुलिस का अमानवीय और असंवेदनशील रवैया बेहद शर्मनाक है और लोकतंत्र की आत्मा पर सीधा हमला है। उन्होंने जम्मू -कश्मीर के पुलिस महानिदेशक से जल्द से जल्द दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित