कवर्धा, मई 04 -- छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ाई गांव के पास फोक नदी पुल पर हुआ।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के निवासी छह युवक पंडरिया में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और पुल से नीचे फोक नदी में जा गिरा।

कार में सवार छह युवकों में से अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं जुनैद रज़ा और आरज़ू खान गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

पुलिस के प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इस घटना से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है और क्षेत्र में मातम का माहौल व्याप्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित