कवर्धा , अप्रैल 15 -- छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में स्थित राजपरिवार के प्राचीन हनुमान मंदिर में चोरी की घटना बुधवार को सामने आयी।अज्ञात व्यक्तियों ने मंदिर परिसर से भगवान हनुमान की प्रतिमा पर स्थापित चांदी का मुकुट चुरा लिया है। चोरी किये गये मुकुट का वजन लगभग 10 तोला बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के फूलवारी इलाके की है। मंदिर के पुजारी द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मंदिर परिसर के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित