दंतेवाड़ा , दिसंबर 30 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों तथा न्यायालयीन प्रकरणों की विभागवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला पीआरओ से मंगलवार को मिली जानकारी के मुताबिक कलेक्टर ने न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों के पालन की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आदेशों का समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालयीन मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।

बैठक में आधार पंजीयन के शत-प्रतिशत सेचुरेशन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग को मैदानी अमले के माध्यम से विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इंडिया पोस्ट के सहयोग से स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों का आधार पंजीकरण सुनिश्चित करने, सर्वे डाटा, पोषण ट्रैकर और यू-डाइस डाटा के आधार पर छूटे हुए बच्चों और नागरिकों को लक्षित कर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

नक्सल पीड़ित एवं आत्मसमर्पित नक्सली परिवारों को शासन की सभी योजनाओं का प्राथमिकता से लाभ दिलाने, नियद नेल्लानार ग्राम योजना के तहत स्कूलों को मॉडल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को समक्ष आंगनबाड़ी के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रत्येक पंचायत में सोमवार को ग्रामीण सचिवालय के माध्यम से योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जनगणना 2027 की तैयारियों, नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ सर्वेक्षण, पीएमश्री स्कूल, छात्रवृत्ति वितरण, एफआरए पट्टा वितरण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्वरोजगार, कौशल विकास, महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन गतिविधियों के लिए समन्वित कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित