कोटा , अप्रैल 17 -- राजस्थान में कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने शुक्रवार को गोपालपुरा स्थित राजफैड गेहूं खरीद केंद्र, कोटा का निरीक्षण किया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त रजिस्ट्रार कोटा बलविंदर सिंह और तहसीलदार लाड़पुरा राजवीर सिंह साथ रहे। उन्होंने खरीद प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान श्री बलविंदर सिंह द्वारा खरीद केंद्र की व्यवस्थाओं, गेहूं खरीद प्रक्रिया एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। श्री सामरिया ने केंद्र पर व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान खरीद केंद्र पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद करके जानकारी ली। जिला कलक्टर ने समिति को गेहूं का नियमित उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीद प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से संचालित हो, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित