रोहतक , अप्रैल 08 -- महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन में पिछले एक महीने से क्लर्क न होने से काम बाधित हो रहा है, जिससे परेशान होकर विद्यार्थियोंऔर शिक्षकों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया है।
एसोसिएशन ऑफ़ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स के प्रदेश अध्यक्ष दीपक धनखड़ के नेतृत्व में बुधवार को सैकड़ों विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कुलपति के ओएसडी को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द स्थायी क्लर्क नियुक्त करने की मांग की।
श्री धनखड़ ने कहा कि विभाग में क्लर्क न होने के कारण परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। परीक्षा नजदीक होने के बावजूद छात्रों को रोल नंबर और अन्य जरूरी दस्तावेज समय पर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उनका भविष्य संकट में है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रशासनिक लापरवाही का असर शिक्षकों पर भी पड़ रहा है, क्योंकि डॉक्यूमेंटेशन प्रक्रिया ठप होने से उनका वेतन भी रुका हुआ है। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि अगले दो दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो विश्वविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
मौके पर पहुंचे ओएसडी ने विद्यार्थियों की समस्याएं सुनते हुए आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर स्थायी समाधान किया जाएगा। साथ ही, अंतरिम व्यवस्था के तहत तुरंत किसी अन्य क्लर्क की ड्यूटी लगाने की बातभी कही गयी है, ताकि छात्रों और शिक्षकों के जरूरी कार्य बाधित न हों। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विद्यार्थीऔर शिक्षक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित