भद्रावती , फरवरी 21 -- कर्नाटक में पुलिस कांस्टेबल पति की आत्महत्या के छह दिन बाद पत्नी ने भी कथित रूप से अपनी जान दे दी।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह घटना भद्रावती तालुक के होसा सिद्दापुरा गांव में हुई। मृतक का नाम स्वाती है, जो कर्नाटक रिजर्व पुलिस के कांस्टेबल जदगीश की विधवा थीं। पुलिस ने कहा कि जगदीश ने 14 फरवरी को आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने कहा कि जगदीश शराब की लत से जूझ रहे थे। शराब के नशे में उनका अक्सर मां, पत्नी और बच्चों से झगड़ा हो जाया करता था।
वह घर पर झगड़ों में कई बार आत्महत्या की धमकी भी दे चुके थे। पति जगदीश की मृत्यु के बाद सुश्री स्वाती भी तनाव में रहने लगी थीं। इस दौरान एकअन्य पुलिस कांस्टेबल मोहन ने कथित रूप से फेसबुक और व्हाट्सऐप पर स्वाती को अभद्र संदेश भेजे।
पुलिस के समक्ष दर्ज की गयी शिकायत में कहा गया कि मोहन ने श्री जगदीश की मृत्यु के लिए पत्नी स्वाती को जिम्मेदार ठहराते हुए अफवाहें उड़ायी थीं। परिजनों ने बताया कि पीड़िता ने अपनी मां भाग्यम्मा को इस कथित मानसिक उत्पीड़न के बारे में बताया था। उसकी मां ने उसे पुलिस में शिकायत करने से पहले अपने पति की तेरहवीं की रस्में पूरी होने तक मज़बूत रहने की सलाह दी थी।
पीड़िता ने 20 फरवरी को कथित तौर पर अपनी मां को एक व्हाट्सऐप मैसेज भेजा, जिसमें उसने अपने साथ हो रहे कथित उत्पीड़न और मानसिक शोषणके बारे में बताया था। मैसेज में, उसने कथित तौर पर अपने परिवार से आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने दो छोटे बच्चों का ध्यान रखने के लिए कहा। मैसेज भेजने के तुरंत बाद, उसने अपने घर पर फांसी लगा ली।
स्वाति के परिवार की शिकायत के बाद भद्रावती में न्यू टाउन पुलिस ने कांस्टेबल मोहन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, बदनामी, ब्लैकमेल और यौन उत्पीड़न जैसे आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस ने कहा कि आरोपी कांस्टेबल पर पहले भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गयी थी और बाद में उसे दूसरे पुलिस स्टेशन में स्थानांतरित कर दिया गया था। वह फिलहाल फरार है। पुलिस टीमों ने उसे पकड़ने के लिए खोज अभियान शुरू कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित