बेंगलुरु , जनवरी 13 -- कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा है कि राज्य में रहने वाले बांग्लादेशी नागरिकों के आधार कार्ड और दूसरे पहचान पत्रों की जांच शुरू कर दी गयी है और जहां भी उल्लंघन पाया जाएगा वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।
श्री परमेश्वर ने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पहले ही राज्य में बांग्लादेशी नागरिकों की मौजूदगी के बारे में विस्तृत डेटा इकट्ठा करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कवायद का मकसद उन लोगों की पहचान करना है जो अवैध रूप से देश में घुसे और बाद में राज्य में रहने के लिए स्थानीय पहचान पत्र हासिल कर लिए।
उन्होंने कहा, "हम जांच कर रहे हैं। मैंने पुलिस महानिदेशक और पुलिस आयुक्तों को कर्नाटक में रहने वाले बांग्लादेशियों का डेटा इकट्ठा करने का निर्देश दिया है।" उन्होंने कहा कि कई लोगों ने आधार कार्ड और दूसरे पहचान पत्र हासिल कर लिए थे और ऐसे रह रहे थे जैसे वे विदेशी नागरिक न हों।
गौरतलब है कि गृह मंत्री की यह टिप्पणी राज्य में दो बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद आई है, जिनके पास आधार कार्ड पाए गए थे। श्री परमेश्वर ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही कुछ बांग्लादेशी नागरिकों को निष्कासित कर चुकी है और जहां भी मामले मिलेंगे, ऐसा करना जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित