नयी दिल्ली , दिसंबर 30 -- कर्नाटक में हासन-मंगलुरु रेल मार्ग पर सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट खंड पर विद्युतीकरण का एक बड़ा चुनौतीपूर्ण कार्य पूरा कर लिया गया है जो भारतीय रेल की एक महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धि बतायी जा रही है।
रेल मंत्री अश्चिनी वैष्णव ने कहा है कि इस 55 किलोमीटर के खंड के विद्युतीकरण के बाद अब इस मार्ग से मंगलुरु तक वंदे भारत ट्रेन चलायी जा सकेगी।
रेलवे की मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार यह सेक्शन भारतीय रेल नेटवर्क के सबसे कठिन और तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण इलाकों में से एक माना जाता है। इस पर विद्युतीकरण का काम 28 दिसंबर को इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के सफल परीक्षण के साथ पूरा हुआ। इस घाट खंड के विद्युतीकरण से बेंगलुरु-मंगलुरु रेल मार्ग अब पूर्णतः विद्युतीकृत हो गया है।
उपरोक्त रेल खंड की भौगोलिक स्थिति अत्यंत जटिल है, वहाँ रेलवे ट्रैक तक पहुँचने के लिए कोई संपर्क सड़क नहीं है। इस सेक्शन में एक हिस्सा बड़ी ढलान पर है। रास्ते में 57 सुरंगें, 226 पुल और 108 तीखे मोड़ शामिल हैं। इस विद्युतीकरण कार्य की शुरुआत दिसंबर 2023 में हुई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित