बेंगलुरु , मार्च 30 -- कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री के.एच. मुनियप्पा ने रसोई गैस की उपलब्धता और कीमतों को लेकर चिंताओं के बीच स्पष्ट किया है कि राज्य में घरेलू या ऑटो गैस का पूरा भंडार है और इसमें कोई कमी नहीं है। इसके बीच उन्होंने निजी वितरकों को उपभोक्ताओं से अधिक शुल्क लेने पर सख्त चेतावनी दी है।
श्री मुनियप्पा ने राज्य की आपूर्ति श्रृंखला को स्थिर और सक्रिय रूप से प्रबंधित बताते हुए कहा कि सरकार ने वाणिज्यिक गैस वितरण में उल्लेखनीय वृद्धि की है, जिससे दैनिक आपूर्ति 29,463 सिलेंडर तक पहुंच गई है और आवंटन सीमा बढ़ाकर 68 प्रतिशत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट की शुरुआत में आपूर्ति तंत्र जो 20 प्रतिशत पर था, वह धीरे-धीरे सुधरकर पहले 40 प्रतिशत और अब 68 प्रतिशत हो गया है, जिससे यह सुनिश्चित हुआ है कि वाणिज्यिक मांग को चरणबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।उन्हाेंने कहा कि होटलों को प्रतिदिन 17,500 सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जबकि ऑटो गैस सहित अन्य क्षेत्रों को मौजूदा आदेशों के अनुसार आवंटन प्राप्त होना जारी है। मंत्री ने कहा कि प्राथमिकता-आधारित वितरण मॉडल को आवश्यक सेवाओं को बाधित किए बिना महत्वपूर्ण और वाणिज्यिक क्षेत्रों के बीच मांग को संतुलित करने के लिए काम किया जा रहा है।
श्री मुनियप्पा ने बाजार अनुशासन पर सरकार के रुख को दोहराया औऱ निजी गैस वितरकों को आगाह किया कि वे सरकार के निर्धारित मूल्य से अधिक पर सिलेंडर न बेचें। उन्होंने कहा कि अधिक कीमत वसूलने के संबंध में शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नियामक प्रवर्तन पर जोर देते हुए कहा, "गैस वितरकों को अनिवार्य रूप से सरकार की निर्धारित दरों पर ही बिक्री करनी चाहिए।"मंत्री ने गैस की किल्लत को लेकर जनता की चिंताओं को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि आपूर्ति का स्तर पर्याप्त बना हुआ है। पूरे राज्य में 72 ऑटो गैस वितरण केंद्रों के माध्यम से गैस वितरित की जा रही है, जिनमें से 31 बेंगलुरु में हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड 77.74 रुपये प्रति लीटर की दर से गैस की आपूर्ति कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित