बेंगलुरु , जनवरी 22 -- कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने राज्य की कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए उन पर केंद्र सरकार पर हमला करने के लिए राज्यपाल थावरचंद गहलोत के कार्यालय का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

श्री विजयेंद्र ने मीडिया को संबोधित करते हुए गुरुवार को मांग की कि मुख्यमंत्री सिद्दारमैया की सरकार राज्यपाल के संबोधन में केंद्र के खिलाफ सामग्री डाले बिना स्वस्थ लोकतांत्रिक सिद्धांतों और सकारात्मक संघीय ढांचे के तहत दोनों सदनों का संयुक्त सत्र चलाने की अनुमति दे। उन्होंने राज्य सरकार की 'झूठी और भ्रामक जानकारी' फैलाने के राज्यपाल के विरोध की सराहना की और इसे केंद्र सरकार के खिलाफ प्रचार के लिए उपयोग करने की आलोचना की।

राज्यपाल के रुख का स्वागत करते हुए कहा कि वे वह बयान नहीं पढ़ेंगे, जो राष्ट्रीय एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचा सकते हैं। श्री विजयेंद्र ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए सार्वजनिक कल्याण की तुलना में नफरत की राजनीति अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्यपाल के निर्णय के बाद सरकार अपने दृष्टिकोण को सही करेगी।

श्री विजयेंद्र ने कहा कि संघवाद का समर्थन करने का दावा करने वाली सत्ताधारी कांग्रेस ने विधानसभा को केंद्र सरकार के खिलाफ नफरत निकालने के मंच के रूप में दुरुपयोग किया है। उन्होंने सरकार पर राज्य के लोगों के साथ विश्वासघात करने और बार-बार संविधान और संघीय सिद्धांतों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।

पिछले 32 महीनों पर जोर देते हुए उन्होंने दावा किया कि राज्य के हितों की रक्षा करने के बजाय कांग्रेस सरकार ने आठ विधायी सत्रों के दौरान पांच मौकों पर राजग सरकार के खिलाफ प्रस्ताव पारित किये और संघीय व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश रची।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित