बेंगलुरु , दिसंबर 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजयेंद्र येदियुरप्पा ने कथित रूप से कुलदीप सेंगर की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बनी तस्वीर साझा करने के लिये शनिवार को सूचना प्रौद्याेगिक (आईटी) मंत्री प्रियांक खरगे की आलोचना करते हुए कहा कि यह जनता को गुमराह करने, न्यायपालिका का मजाक उड़ाने और महिलाओं का अपमान करने जैसा है।

भाजपा की कर्नाटक इकाई ने श्री खरगे से बिना शर्त के माफ़ी मांगने के लिये कहा। श्री खरगे ने इसके जवाब में कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह तस्वीर "अनजाने में" पोस्ट हुई थी। उन्होंने बाद में इस तस्वीर को डिलीट भी कर दिया था।

प्रदेश भाजपा नेताओं ने श्री खरगे पर हमला बोलते हुए कहा, "आप आईटी मंत्री हैं, कोई आम यूज़र नहीं। अगर आप असली और एआई में फर्क नहीं कर सकते तो भगवान जाने आप बेंगलुरु के आईटी इकोसिस्टम के लिये क्या करेंगे।"उन्होंने कहा कि ऐसे काम अनजाने में हुई गलती नहीं, बल्कि "गलत इरादे" दिखाते हैं। यह विवाद एक सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ, जिसमें 2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली की तिहाड़ जेल से बाहर आते हुए दिखाया गया। यह तस्वीर एआई से बनायी गयी थी। भाजपा ने दावा किया कि यह तस्वीर न्यायिक प्रक्रिया को गलत तरीके से दिखाती है और सरकार के प्रमुख "बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ" अभियान को सस्ते राजनीतिक फायदे के लिये तोड़-मरोड़ कर पेश करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित