बेंगलुरु , जनवरी 15 -- करूण नायर (76) और कृष्णन श्रीजीत (54) की शानदार पारियों की बदौलत कर्नाटक ने गुरुवार को विजय हजारे ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में विदर्भ को जीत के लिए 281 रनों का लक्ष्य दिया।

आज यहां टॉस जीतकर कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी कर्नाटक की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 20 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। कप्तान मयंक अग्रवाल (नौ) और देवदत्त पड़िक्कल (चार) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद ध्रुव प्रभाकर ने करूण नायर के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। 17वें ओवर में दर्शन नालकंडे ने ध्रुव प्रभाकर (28) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कृष्णन श्रीजीत ने भी करूण नायर के साथ 113 रन जोड़ कर टीम को सम्मानजनक स्कोर की ओर ले गये। 34वें ओवर में दर्शन नालकंडे ने करूण नायर को आउटकर कर्नाटक को बड़ा झटका दिया। करूण नायर ने 90 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए 76 रनों की पारी खेली। 35वें ओवर में यश कदम ने कृष्णन श्रीजीत को अपना शिकार बना लिया। श्रीजीत ने 53 गेंदों में सात चौके लगाते हुए 54 रन बनाये। श्रेयस गोपाल (36), अभिनव मनोहर (26) और विद्याधर पाटिल (एक) को दर्शन नालकंडे ने आउट किया। यश ठाकुर ने विजयकुमार वैशक 50वें ओवर की चौथी गेंद पर विजयकुमार वैशक 17 को आउटकर 280 के स्कोर पर कर्नाटक की पारी का अंत कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित