बेंगलुरु , अप्रैल 05 -- कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि एक 'कन्नड़-विरोधी बदले की भावना' के चलते कर्नाटक को धन से वंचित करके विकास परियोजनाएं रोक दी गई हैं, जिससे राज्य को लगभग 2 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

श्री सुरजेवाला ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि भाजपा के रवैये को लेकर आम कन्नड़ लोगों में 'बेहद गुस्सा' है। उन्होंने पार्टी पर आरोप लगाया कि वह सुनियोजित तरीके से राज्य के वित्तीय और विकास संबंधी हितों को कमजोर कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सरकार ने कर्नाटक को कर, अनुदान और राहत कोष में उसका जायज हिस्सा देने से मना कर दिया है। उन्होंने इस 'कुल नुकसान' का आंकड़ा 1,97,257 करोड़ रुपये बताया।

कांग्रेस महासचिव ने इन आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वित्त आयोगों के तहत धन के कम बंटवारे के कारण कर्नाटक को 79,770 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वहीं 'अवैज्ञानिक तरीके से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करने' के कारण 59,274 करोड़ रुपये का और नुकसान हुआ।

उन्होंने जीएसटी स्लैब के पुनर्निर्धारण के कारण भी 9,000 करोड़ रुपये के नुकसान का जिक्र किया। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत 10,889 करोड़ रुपये, बेंगलुरु की पेरिफेरल रिंग रोड के लिए धन सहित विशेष अनुदान के तौर पर 11,495 करोड़ रुपये और केंद्रीय बजट में ऊपरी भद्रा परियोजना के लिए घोषित 5,300 करोड़ रुपये जारी नहीं किए गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक को केंद्र प्रायोजित योजनाओं में भी 4,195 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा 2023 में सूखा राहत में कमी के कारण 15,718 करोड़ रुपये और 2025 में बाढ़ राहत में 1,616 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित