बेंगलुरु/नयी दिल्ली , अप्रैल 16 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी गुरुवार को दिल्ली में मौजूद कर्नाटक कांग्रेस के उन विधायकों से नहीं मिल सके, जो मंत्रिमंडल में फेरबदल की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे हुए हैं। उनकी व्यस्तता का कारण संसद का मौजूदा सत्र बताया जा रहा है।

श्री गांधी से मुलाकात न होने के बीच, कर्नाटक के विधायकों के समूह ने राज्य के कांग्रेस प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला से मुलाकात की और संभावित फेरबदल से पहले कैबिनेट में जगह देने का दबाव बनाया। सूत्रों के अनुसार, विधायकों ने फेरबदल में हो रही देरी पर असंतोष व्यक्त किया और पार्टी के भीतर संगठनात्मक संतुलन और मनोबल बनाए रखने के लिए वरिष्ठ विधायकों तथा नए चेहरों को पुरस्कृत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को कैबिनेट विस्तार की अनुमति दी जाए और उन मंत्रियों की जगह वरिष्ठ विधायकों को अवसर दिया जाए जो पहले ही कई बार मंत्री पद संभाल चुके हैं। कुछ विधायकों ने प्रस्तावित फेरबदल में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का मुद्दा भी उठाया। दिल्ली में 12 अप्रैल से डेरा डाले हुए इन विधायकों की ओर से यह मांग ऐसे समय में आई है, जब रिपोर्टों के अनुसार 30 से अधिक विधायक मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित