भरतपुर , मार्च 11 -- राजस्थान में उत्तरभारत के प्रमुख आस्था केंद्र करौली के माँ कैला देवी में 16 मार्च से एक अप्रैल तक आयोजित चैत्र नवरात्रि लक्खी मेले के लिए मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इस बीच मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार को नागरिक सुरक्षा दल ने पांचना बांध में आपदा प्रबंधन के तहत मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया।

मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि मेले में दर्शनार्थियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते मंदिर परिसर में सुगम दर्शन के लिए रेलिंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है। सुरक्षा के लिए 12 आपातकालीन द्वार बनाए गए हैं जहां सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में रैंप, 11 वीलचेयर और पांच ई-रिक्शा उपलब्ध रहेंगे ताकि उन्हें आसानी से दर्शन कराए जा सकें।

सूत्रों ने बताया कि मेला क्षेत्र और कालीसिल नदी के घाटों पर साफ-सफाई के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मी, महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग स्नान घाट, प्रकाश व्यवस्था, जाल, 12 गोताखोर और दो नावें उपलब्ध रहेंगी। बस स्टैंड, मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सैकड़ों शौचालय, मूत्रालय और स्नानघर बनाए गए हैं। चिकित्सा सुविधा के लिए मंदिर परिसर और ट्रस्ट चिकित्सालय में 24 घंटे सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, साथ ही दो एम्बुलेंस भी तैनात की गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित