चेन्नई , मार्च 10 -- करूर भगदड़ मामले में तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और करूर के विधायक वी. सेंथिलबालाजी पूछताछ के लिए 17 मार्च को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के सामने पेश होंगे।
उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद अक्टूबर 2025 में सीबीआई ने इस त्रासदी से संबंधित जांच का जिम्मा का संभाल लिया था। वर्तमान में वह भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, रैली की अनुमति, आयोजकों और अधिकारियों के बीच समन्वय और अन्य संबंधित सबूतों की जांच कर रही है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। रिपोर्टों के अनुसार, श्री सेंथिलबालाजी ने खुद पुष्टि की है कि वह 17 मार्च को एजेंसी के सामने पेश होंगे।
एजेंसी पहले ही श्री विजय, उनकी पार्टी के पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। सीबीआई ने मंगलवार को भी श्री विजय को तीसरे दौर की पूछताछ के लिए बुलाया था और 15 मार्च को फिर से पेश होने के लिए कहा है। अभिनेता इससे पहले 12 और 19 जनवरी को दिल्ली में सीबीआई के सामने दो बार पेश हो चुके हैं।
सीबीआई ने 12 जनवरी को उनसे करीब सात घंटे तक पूछताछ की थी। एजेंसी ने कथित तौर पर इस पूछताछ के दौरान मुख्य रूप से इस बात ध्यान केंद्रित किया कि कार्यक्रम के लिए निर्धारित समय और अभिनेता के पहुंचने के समय में अंतर के कारण कहीं अराजकता तो पैदा नहीं हुई, जिसके कारण यह त्रासदी हुई।
एजेंसी ने अभिनेता से रैली की योजना बनाने में उनकी भूमिका, अपेक्षित भीड़ के आकार और सुरक्षा स्थितियों के बारे में उनकी जागरूकता और उनके देर से आगमन के कारणों सहित कई मुद्दों पर पूछताछ की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित