वाराणसी , मई 1 -- नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को करसड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था, आरडीएफ प्रबंधन तथा लिगेसी वेस्ट निस्तारण की तैयारियों का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों एवं संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश देते हुए कहा कि प्लांट पर प्रतिदिन आने वाले कूड़े का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्थिति में बैकलॉग उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने आरडीएफ के समुचित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने लिगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए चयनित संस्था के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि शीघ्र ही सुनियोजित एवं चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें तथा समयबद्ध तरीके से लिगेसी वेस्ट निस्तारण की कार्यवाही शुरू की जाए, ताकि स्थल को जल्द से जल्द व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि प्रतिवर्ष बाढ़ के समय करसड़ा प्लांट तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आवागमन और प्लांट का संचालन प्रभावित होता है।
इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मार्ग को लगभग 6 फीट ऊंचा करके निर्माण कराने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित