करनाल , मार्च 24 -- हरियाणा में करनाल के ओल्ड सब्जी मंडी क्षेत्र में कपड़े की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से करीब 17 लाख रुपये की साड़ियां और कुछ नकदी बरामद की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने चोरी के सामान को छिपाने के लिए अंबाला जिले के बराड़ा क्षेत्र के पास एक गांव में किराये पर दुकान ले रखी थी। पुलिस ने वहीं छापा मारकर सारा सामान बरामद कर लिया। हालांकि, वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की कार अभी तक बरामद नहीं हो पाई है, जिसकी तलाश जारी है।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा बताया जा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, स्नैचिंग, वाहन चोरी और अन्य गंभीर अपराधों के करीब 60 मामले दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में वह पहले गिरफ्तार हो चुका है, जबकि 16 मामले फिलहाल अदालत में विचाराधीन हैं।

यह चोरी दो-तीन मार्च की रात को हुई थी, जब आरोपी ने ओल्ड सब्जी मंडी स्थित एक साड़ी शोरूम का शटर तोड़कर अंदर घुसकर कीमती साड़ियां और करीब 1000 से 1200 रुपये नकद चोरी कर लिए थे। घटना के बाद थाना शहर करनाल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे आगे पूछताछ जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित