चंडीगढ़ , दिसंबर 05 -- हरियाणा के करनाल में 162.88 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा यूनिटी मॉल देशभर के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के उत्पादों-विशेषकर वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) को प्रदर्शित करने के लिए एक राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराएगा। यह मॉल शहर की औद्योगिक सम्पदा, सेक्टर-37 में ग्रांड ट्रंक रोड के साथ 3.87 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है और इसे जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आज करनाल में निर्माणाधीन यूनिटी मॉल की प्रगति के साथ-साथ फरीदाबाद और गुरुग्राम में बन रहे दो वर्किंग वुमेन हॉस्टलों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का खुदाई कार्य तेज गति से चल रहा है। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रांड ट्रंक रोड पर स्थित यह स्थल दिल्ली, चंडीगढ़ सहित प्रमुख उत्तरी शहरों से उत्कृष्ट कनेक्टिविटी प्रदान करता है। करनाल का औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरना और एनसीआर में इसकी रणनीतिक स्थिति इस परियोजना के आर्थिक प्रभाव को और बढ़ाएगी।
मॉल देशभर के एमएसएमई उत्पादों के लिए एक स्थायी प्रदर्शनी स्थल, बी2बी नेटवर्किंग हब और पर्यटन आकर्षण के रूप में कार्य करेगा। इससे छोटे उद्यमियों की मार्केटिंग लागत कम होगी और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उनकी पहचान बढ़ेगी।
एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक आदित्य दहिया ने बताया कि यह परियोजना राज्य के विशिष्ट उत्पादों के प्रचार, स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने और अंतर-राज्यीय व्यापार को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने एचएसआईआईडीसी और एमएसएमई निदेशालय को प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूनिटी मॉल हरियाणा के आर्थिक भविष्य में एक महत्वपूर्ण निवेश है और सरकार इसे समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
फरीदाबाद सेक्टर-78 और गुरुग्राम सेक्टर-9 में बनाए जा रहे वर्किंग वुमेन हॉस्टलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इन सामाजिक महत्त्व की परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये हॉस्टल नौकरीपेशा महिलाओं को सुरक्षित, किफायती और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराएंगे, जिससे महिलाओं की कार्य-भागीदारी में बढ़ोतरी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित