करनाल , मार्च 18 -- हरियाणा के करनाल जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब पश्चिमी यमुना नहर के पास सात गोवंशों के कटे सिर और शरीर के अन्य अंग बरामद हुए। सभी गोवंशों को गर्दन के पास से काटा गया था, जबकि घुटनों से नीचे कटे पैर भी नहर के अंदर और किनारे पड़े मिले। नहर किनारे हड्डियों का ढांचा और खाल मिलने से मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्री क्षेत्र के धमनहेड़ी गांव के पास बुधवार दोपहर कुछ लोग नहर किनारे से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर गोवंश के अवशेषों पर पड़ी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए उचानी स्थित पशुधन केंद्र भिजवा दिया।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि गोवंशों की हत्या नहर के पास ही की गई है और बाद में अवशेषों को फेंका गया।
वहीं, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से रक्त के नमूने इकट्ठे किए और पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। हालांकि अभी तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने आसपास के खेतों में भी तलाशी अभियान चलाया है और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित