मोहाली , मार्च 14 -- पंजाबी गायक करण औजला के कॉन्सर्ट को लेकर मामला पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तक पहुंच गया है। समाजसेवी पंडित धनेश्वर राव ने इस संबंध में महिला आयोग पंजाब, बाल आयोग पंजाब और मोहाली के उपायुक्त को लिखित शिकायत दी है।
शिकायत में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में दायर एक सिविल याचिका का हवाला देते हुए मांग की गयी है कि करण औजला अपने कॉन्सर्ट के दौरान मंच पर नशे, गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले या महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक शब्दावली वाले गीत न गायें। शिकायत में चेतावनी दी गयी है कि यदि ऐसे गीत गाये गये तो इस मामले में उच्च न्यायालय में अवमानना याचिका दायर की जाएगी।
इस संबंध में टीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि श्री राव की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर करण औजला को निर्देश दिये गये हैं कि वे कार्यक्रम के दौरान कोई भी ऐसा गीत प्रस्तुत न करें, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित