सागर , दिसंबर 29 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के दक्षिण वन मंडल अंतर्गत ढाना हिलगन मार्ग पर मुंडी टोरिया में मिले बाघ के शव की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत बिजली के करंट से होने की आशंका जताई गई है। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को ढाना रेंज अंतर्गत हिलगन स्थित मुंडी टोरिया क्षेत्र से करीब 5 से 6 वर्ष आयु के बाघ का शव बरामद किया गया था। सूचना मिलने पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और उनकी उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बाघ के शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए और उसके सभी अंग सुरक्षित थे। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों ने प्रारंभिक रूप से बाघ की मौत का कारण बिजली का करंट लगना बताया है। पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट एक-दो दिनों में प्राप्त होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित