भिण्ड , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार तहसील अंतर्गत ग्राम टोला में गुरुवार को करंट लगने से 18 वर्षीय युवक सर्वेश पाल की मृत्यु हो गई। होली और भाईदूज के बीच हुए इस हादसे से गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वेश सुबह साथियों के साथ होली खेल रहा था। दोपहर करीब एक बजे वह घर लौटा और नहाने के लिए पीछे लगी पानी की मोटर चालू करने गया। गीले शरीर और नमी के कारण वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर गिर पड़ा। उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना मिलने पर रावतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि सर्वेश दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। बड़ी बहन का विवाह हो चुका है, जबकि छोटी बहन अविवाहित है। भाईदूज के दिन हुए इस हादसे से परिवार की खुशियां शोक में बदल गईं। पुलिस मोटर में करंट आने के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित