अलवर , जनवरी 16 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के टपूकड़ा क्षेत्र में स्थित होंडा सीएल फैक्ट्री परिसर में मंडरा रहा तेंदुआ अब तक पकड़ा नहीं जा सका है।

वन विभाग के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि तेंदुआ पिंजरे के पास तो आया लेकिन उसमें घुसा नहीं। तेंदुए की मौजूदगी के बाद वहां कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। तेंदुए की गतिविधि की फुटेज कंपनी के द्वार -एक के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी। इसके बाद उसे परिसर के आसपास घूमते देखा गया।

वन विभाग को इसकी सूचना दी गयी, जिसके बाद वन विभाग के दल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इसके बाद सरिस्का से एक पिंजरा मंगवाया गया। रात में तेंदुआ पिंजरे के पास तो आया, लेकिन वह अंदर नहीं गया, जिससे उसे फंसाया नहीं जा सका।

तिजारा रेंजर मनीष कुमार ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की। कंपनी परिसर में कई जगहों पर उसके पंजों के निशान भी मिले हैं। गुरुवार देर रात भी कंपनी के गोदाम के आसपास उसकी हलचल सीसीटीवी में कैद हुई। फिलहाल तेंदुए की मौजूदगी कंपनी के गोदाम के आसपास बताई जा रही है। सरिस्का से बुलाया गया ट्रेंकुलाइजर दल मौके पर पहुंचा जो तेंदुए की तलाश करके उसे जंगल में सुरक्षित पहुंचायेगा।

फिलहाल कंपनी के आसपास सरसों के खेत में तेंदुए को ढूंढने का प्रयास किया गया। वन विभाग के दल ने कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों को पूरी सावधानी बरतने, खासकर रात में अंधेरे में इधर-उधर न जाने की सलाह दी है। फिलहाल वन विभाग के दल और स्थानीय प्रशासन क्षेत्र में सक्रिय हैं और कंपनी परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित