नयी दिल्ली , मई 01 -- कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी को लेकर नेता विपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है।

श्री गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ेगी और अब वही हो रहा है। श्री गांधी ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में एक ही दिन में 993 रूपए की बढ़ोतरी हुई है, जिसे उन्होंने "चुनावी बिल" करार दिया। उन्होंने दावा किया कि फरवरी से अब तक सिलेंडर के दाम 1,380 रूपए तक बढ़ चुके हैं, जो महज तीन महीनों में करीब 81 प्रतिशत की वृद्धि है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर छोटे कारोबारियों और आम लोगों पर पड़ेगा। "चायवाला, ढाबा, होटल, बेकरी और हलवाई सभी की रसोई पर इसका बोझ बढ़ेगा और अंततः इसका असर आम जनता की थाली पर दिखाई देगा,"। श्री गांधी ने आगे आशंका जताई कि गैस के बाद पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल सस्ता था, तब सरकार ने मुनाफा कमाया और अब कीमतें बढ़ने पर इसका बोझ आम जनता पर डाला जा रहा है।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद उन्होंने महंगाई बढ़ने की बात कही थी। 29 अप्रैल के बाद देखिए पेट्रोल, डीज़ल सब महंगा होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित