मुंबई , दिसंबर 16 -- रुपये के लगातार दबाव में रहने से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गयी और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 533.50 अंक (0.63 प्रतिशत) लुढ़ककर 84,679.86 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 167.20 अंक यानी 0.64 प्रतिशत गिरकर 25,860.10 अंक पर आ गया। यह दोनों सूचकांकों का 10 दिसंबर के बाद का निचला स्तर है।

भारतीय मुद्रा आज पहली बार बीच कारोबार में 91 रुपये प्रति डॉलर से नीचे उतर गयी। इससे निवेश धारणा कमजोर रही।

चौतरफा बिकवाली के बीच सुबह से ही बाजार पर दबाव रहा। सेंसेक्स एक समय 597 अंक लुढ़क गया था। मझौली और छोटी कंपनियों पर भी दबाव देखा गया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.86 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.92 प्रतिशत की गिरावट में रहा।

टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और मीडिया को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों पर बिकवाली हावी रही। रियलिटी, बैंकिंग, वित्त, आईटी और धातु समूहों से सूचकांक ज्यादा टूटे।

बाजार पर दबाव इस कदर रहा कि एनएसई में जिन 3,211 कंपनियों के शेयरों में आज कारोबार हुआ उनमें से 2,095 के शेयर गिरकर बंद हुए। वहीं, 93 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 22 के शेयर लाल निशान में बंद हुए। एक्सिस बैंक में सबसे अधिक 5.03 प्रतिशत की गिरावट रही। इटरनल का शेयर 4.69 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.90 प्रतिशत, टाटा स्टील का 1.74, बजाज फिनसर्व और अल्ट्राटेक सीमेंट दोनों के 1.65 और बजाज फाइनेंस का 1.41 प्रतिशत टूट गया।

रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस, एनटीपीसी, अडानी पोर्ट्स, सनफार्मा, टीसीएस, पावरग्रिड, बीईएल, एलएंडटी, भारतीय स्टेट बैंक और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी लाल निशान में रहे।

टाइटन में 1.60 प्रतिशत की तेजी रही। भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एशियन पेंट्स के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।

अमेरिका में रोजगार के आंकड़ों से पहले वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में गिरावट रही। एशिया में जापान का निक्केई 1.56 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 1.54 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.11 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.30 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.42 प्रतिशत फिसल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित